आईसेक्ट लर्न ई- लर्निंग प्लैटफॉर्म से 1 करोड़ युवाओं तक पहुंचेगी एआई शिक्षा
भोपाल। भारत सरकार की इंडिया एआई (IndiaAI) पहल के अंतर्गत देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को जन–जन तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म आईसेक्ट लर्न ने “युवा एआई फॉर ऑल” कोर्स की शुरुआत की है। यह कोर्स विशेष रूप से 1 करोड़ युवाओं, विद्यार्थियों और शिक्षार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी अवधारणाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह कार्यक्रम आईसेक्ट लर्न के ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर में उपलब्ध कराया जा रहा है।
इंडिया एआई मिशन का उद्देश्य देश में एक मजबूत, समावेशी और जिम्मेदार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इकोसिस्टम का निर्माण करना है। इसी दृष्टिकोण के अनुरूप आईसेक्ट लर्न इस पहल के माध्यम से एआई जागरूकता, स्किल डेवलपमेंट, नवाचार और तकनीक को अपनाने पर विशेष फोकस कर रहा है, ताकि शहरी और ग्रामीण—दोनों क्षेत्रों में तकनीकी शिक्षा की समान पहुँच सुनिश्चित की जा सके।
“युवा एआई फॉर ऑल” एक अवेयरनेस-आधारित कोर्स है, जिसे सरल, सहज और व्यावहारिक भाषा में डिज़ाइन किया गया है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से शिक्षार्थियों को यह समझने में मदद मिलेगी कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस किस प्रकार शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, शासन और दैनिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रभावित कर रहा है और उन्हें अधिक सरल व प्रभावी बना रहा है।
यह कोर्स वर्तमान में हिंदी और अंग्रेज़ी भाषाओं में आईसेक्ट लर्न प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। निकट भविष्य में इसे 26 अन्य भारतीय भाषाओं जैसे मराठी,कन्नड़,बांग्ला,पंजाबी, असमिया, कश्मीरी और तेलुगु में भी लॉन्च किया जाएगा, ताकि देश के कोने-कोने तक एआई शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित की जा सके और भाषाई बाधाएँ समाप्त हों।
इस पहल पर अपने विचार व्यक्त करते हुए आईसेक्ट समूह के कार्यकारी निदेशक डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा, “‘युवा एआई फॉर ऑल’ भारत को एआई-रेडी बनाने की दिशा में एक आधारभूत पहल है। हमारा मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केवल विशेषज्ञों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक युवा को इसकी मूल समझ होनी चाहिए। यह कोर्स युवाओं को तकनीक के प्रति जागरूक बनाएगा और उन्हें भविष्य की कार्य दुनिया के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि आईसेक्ट का प्रयास है कि एआई शिक्षा को स्कूलों, कॉलेजों और शासकीय विभागों तक पहुँचाया जाए। इसी उद्देश्य से यह कोर्स कौशल रथ के माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी विभागों तक ले जाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा इससे लाभान्वित हो सकें।
“युवा एआई फॉर ऑल” पहल भारत की एआई-सक्षम और भविष्य-तैयार कार्यबल के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है, जो तकनीकी समावेशन और डिजिटल सशक्तिकरण के राष्ट्रीय लक्ष्य को और मजबूती प्रदान करेगी।